अयोध्या के मशहूर पीठ हनुमानगढ़ी के महंत संत रामदास का 85 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनकी तबीयत कई दिनों से खराब चल रही थी। संत रामदास CM योगी आदित्यनाथ के करीबी महंतों में से थे। उनके निधन से संत समाज और भक्तों में शोक की लहर है।

महंत राजू दास ने दी जानकारी

हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने सोशल मीडिया पर महंत संत रामदास के निधन की जानकारी दी। उन्होंने हॉस्पिटल की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, हमारे पूज्य गुरुदेव भगवान श्री श्री 1008 श्री महंत संतराम दास जी महाराज पंचांग पट्टी उज्जैनिया हनुमानगढ़ी, अयोध्या जी का गोलोकवास अभी हो गया है। शोभा यात्रा अब दोपहर 3 बजे खत्म होगी। आज (शाम 4 बजे) नया घाट सरयू तट (कच्चा घाट) पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।

CM योगी ने जताया दुख

CM योगी ने श्री हनुमानगढ़ी अयोध्या धाम के महंत संत रामदास के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि वह भगवान श्री राम से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें। ओम शांति!

लंबे समय से बीमार चल रहे थे

बताया गया कि महंत संत रामदास हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज से पीड़ित थे। पिछले 8 महीने से उनका इलाज चल रहा था। हाल ही में उन्हें मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद वे तीन दिन पहले अयोध्या लौटे थे। हर कोई स्तब्ध है अब जाने की खबर से। महंत के पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने लगी।

अयोध्या के संत समाज में खास सम्मान था

बताया जा रहा है कि महंत संत रामदास की अंतिम यात्रा शनिवार शाम 4 बजे हनुमानगढ़ी से निकलेगी। इसके बाद सरयू तट पर पूरे वैदिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। महंत संतराम दास का अयोध्या के संत समाज में खास सम्मान था। सीएम योगी आदित्यनाथ भी अपनी अयोध्या यात्रा के दौरान समय-समय पर उनका आशीर्वाद लेने उनके आश्रम जाते थे और उन्हें गदा और रामनामा भेंट कर सम्मानित करते थे। हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास भी उनके शिष्य हैं। उज्जैनिया पट्टी के महंत संत रामदास का निधन अयोध्या के संत समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

Ayodhya Ram Mandir: बड़ों को बचाने के लिए छोटों की दी बली, जांच में भी सामने आईं बड़ी गड़बड़ियां

शेयर करना
Exit mobile version