अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के चर्चित प्रकरण में अब एक नया और सनसनीखेज मोड़ आ गया है। मामले में आरोपी बनाए गए टिन्नू यादव की पत्नी पूनम यादव ने भारत समाचार से एक्सक्लूसिव बातचीत में बड़ा दावा करते हुए कहा कि उनके पति को पूरी तरह निर्दोष होने के बावजूद जानबूझकर इस मामले में घसीटा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े-बड़े लोग चढ़ावा खा गए और अब मेरे पति को बलि का बकरा बनाया जा रहा है।
पूनम यादव ने साफ शब्दों में कहा कि टिन्नू यादव के खिलाफ जो कुछ भी कहा और दिखाया जा रहा है, वह एक बड़ी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने इस बात पर गहरा संदेह जताया कि असली आरोपियों को बचाने के लिए ही उनके पति पर शिकंजा कसा जा रहा है। पूनम ने चिंता जताते हुए कहा कि उनके पति की जान को गंभीर खतरा है और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई है।
उनके इस विस्फोटक बयान के बाद पूरा मामला एक बार फिर से सुर्खियों में आ गया है। अब बड़ा सवाल यही है कि क्या जांच उन तथाकथित “बड़े लोगों” तक भी पहुँचेगी, जिनकी ओर पूनम यादव ने इशारा किया है? फिलहाल इस बयान ने मंदिर प्रशासन और जांच एजेंसियों के सामने नई चुनौती जरूर खड़ी कर दी है।



