हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक अनोखी शिकायत सामने आई है। आमतौर पर लोग बिजली, पानी, सड़क या जलभराव जैसी समस्याओं को लेकर अधिकारियों से शिकायत करते हैं, लेकिन यहां एक युवक ने लगातार हो रही बारिश से परेशान होकर सीधे भगवान इंद्रदेव के खिलाफ जिलाधिकारी से शिकायत कर दी। शिकायत अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत

मामला हरदोई के मल्लावां ब्लॉक के नेवादा परस गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी सूरज तिवारी ने जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) के माध्यम से अपनी शिकायत शासन तक पहुंचाई। शिकायत में युवक ने लगातार हो रही बारिश को लेकर अपनी परेशानी बताई।

सूरज तिवारी का आरोप है कि इंद्रदेव बिना किसी पूर्व सूचना के पिछले कई घंटों से कभी तेज तो कभी धीमी बारिश करा रहे हैं। लगातार बारिश के कारण आम जनजीवन प्रभावित होने की बात भी शिकायत में कही गई है।

बारिश से जलभराव और फसलों को नुकसान की चिंता

शिकायतकर्ता ने पत्र में कहा कि लगातार बारिश के कारण सड़कों, गलियों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और दैनिक कामकाज प्रभावित हुआ है।

वहीं, किसानों की फसलों को लेकर भी चिंता जताई गई है। शिकायत में कहा गया है कि लगातार बारिश से फसलों को नुकसान होने की आशंका है।

‘डीएम साहब, इंद्रदेव को फोन लगाइए’

शिकायत का सबसे दिलचस्प हिस्सा वह अपील है, जिसमें सूरज तिवारी ने जिलाधिकारी से इंद्रदेव से संपर्क करने का अनुरोध किया है। शिकायतकर्ता ने लिखा कि उन्हें भगवान इंद्रदेव का मोबाइल नंबर ज्ञात नहीं है, इसलिए जिलाधिकारी अपने माध्यमों से उनसे संपर्क कर बारिश पर काबू पाने के लिए जरूरी निर्देश जारी करें।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई शिकायत

जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे युवक की परेशानी और मासूमियत से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ इसे जलभराव और ड्रेनेज व्यवस्था पर व्यंग्य बता रहे हैं।

"उन्होंने खुद बीजेपी के साथ..." BSP सुप्रीमो Mayawati के बयान पर Chandrashekhar Azad का पलटवार!

शेयर करना
Exit mobile version