हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में तीन साल की बच्ची के साथ अपराध का मामला सामने आया है। बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म और फिर हत्या किए जाने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कई पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची घर के बाहर थी, तभी एक युवक उसे अपने साथ ले गया। आरोप है कि घर के पास खेत में बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
बच्ची की तलाश में परिजनों के साथ घूमता रहा आरोपी
बच्ची के लापता होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। हैरानी की बात यह रही कि जिस युवक पर वारदात का आरोप है, वह बच्ची की तलाश के दौरान परिजनों के साथ ही मौजूद था। ग्रामीणों का आरोप है कि परिजनों और गांव के लोगों ने पुलिस को लगातार फोन किया, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। SHO का CUG नंबर भी नहीं उठा।
पुलिस की गाड़ियों में ग्रामीणों ने की तोड़फोड़
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाया। सीओ समेत छह पुलिस वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मुस्करा कोतवाली क्षेत्र के गहरौली रोड की बताई जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस ने बच्ची के लापता होने की सूचना पर समय रहते कार्रवाई की होती तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में आक्रोश है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



