बॉलीवुड निर्देशक संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ से अभिनेत्री आलिया भट्ट के पहले लुक ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। फिल्म से सामने आए उनके ग्लैमरस कैबरे-थीम वाले अवतार ने ना केवल फैंस बल्कि 70 के दशक की मशहूर अभिनेत्री जीनत अमान को भी अपना मुरीद बना लिया है।
बता दें, आलिया भट्ट द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्टरों में वे पंखों वाले हेडड्रेस, क्रॉप टॉप, बूट्स और थाई-हाई स्लिट स्कर्ट पहने स्टेज पर परफॉर्म करती नज़र आ रही हैं। इस 70s इंस्पायर्ड ‘शोगर्ल’ लुक पर प्रतिक्रिया देते हुए जीनत अमान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्टर शेयर कर लिखा, “70s वापस आ गए हैं और कैबरे इतना अच्छा कभी नहीं लगा।” उन्होंने संजय लीला भंसाली के विजन की तारीफ करते हुए आलिया के अवतार को बेहद शानदार बताया।
दिग्गज अभिनेत्री से मिली इस सरप्राइज तारीफ पर खुशी जाहिर करते हुए आलिया भट्ट ने जवाब दिया, “बहुत-बहुत धन्यवाद जीनत मैम। हमने फिल्म के सेट पर आपके बारे में अनगिनत बार बात की है, इसलिए यह तारीफ मेरे लिए बेहद एक्स्ट्रा स्पेशल है।”
संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित और सारेगामा द्वारा प्रस्तुत ‘लव एंड वॉर’ में आलिया भट्ट के साथ रणबीर कपूर और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह फिल्म भंसाली की पारंपरिक पीरियड फिल्मों से हटकर एक आधुनिक दौर की कहानी पेश करेगी। फिल्म 21 जनवरी, 2027 को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।



