मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड के चर्चित फिल्ममेकर लव रंजन एक बार फिर यूथ ऑडियंस के लिए रोमांस, दोस्ती और कॉमेडी से भरपूर कहानी लेकर तैयार हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। फिल्म के नाम से ही इसकी कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ती है, वहीं ट्रेलर में प्यार और दोस्ती के बीच पैदा होने वाली मजेदार परिस्थितियों की झलक देखने को मिलती है।
बता दे कि ट्रेलर में छह नए कलाकार अपनी अदाकारी से नजर खींचते हैं। फिल्म में स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा, कुणाल वैद, साक्षी वैद्य, तुषार छिब्बर और सरगुन कौर लुथरा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। कहानी में रोमांस, पुराना क्रश, दोस्ती और रिश्तों की उलझनों को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश किया गया है।
फिल्म के ट्रेलर में मजेदार वन-लाइनर्स, कॉमेडी और दोस्तों के बीच होने वाली नोकझोंक देखने को मिलती है। यही वजह है कि इसे लेकर खासतौर पर युवा दर्शकों के बीच दिलचस्पी बढ़ती दिखाई दे रही है। फिल्म का टाइटल भी कहानी के रोमांटिक एंगल की तरफ इशारा करता है।
‘पहला प्यार दूसरी बार’ का निर्देशन अनुज सैनी ने किया है, जबकि फिल्म के निर्माता लव रंजन हैं। यह रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। ट्रेलर में नजर आने वाला यूथफुल अंदाज दर्शकों को लव रंजन की पुरानी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्मों की याद दिला सकता है।



