लखनऊ : राजधानी लखनऊ के लोगों के लिए विकास और निर्माण से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। आने वाले समय में पूरे जिले में मकान या अन्य निर्माण कराने के लिए नक्शा पास कराने की जिम्मेदारी लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के पास आ सकती है। इसके लिए एलडीए की सीमा का विस्तार करने की तैयारी है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद सीमा विस्तार के प्रस्ताव पर मुहर लग जाएगी।
अभी लखनऊ में एलडीए की सीमा के बाहर आने वाले क्षेत्रों में जिला पंचायत की ओर से नक्शे पास किए जाते हैं। इस व्यवस्था में एलडीए और जिला पंचायत के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर विवाद की स्थिति बनी रहती है। अब इस व्यवस्था को बदलने की तैयारी की जा रही है।
प्रस्ताव के मुताबिक, एलडीए की मौजूदा सीमा में 662 गांव और शामिल किए जाएंगे। इसके बाद पूरे जिले में नक्शा पास कराने की जिम्मेदारी एलडीए के पास आ जाएगी। इससे निर्माण संबंधी अनुमतियों के लिए अलग-अलग संस्थाओं पर निर्भरता खत्म हो सकती है। सीमा विस्तार की इस योजना को कैबिनेट की मंजूरी मिलने का इंतजार है। मंजूरी मिलने के बाद एलडीए का कार्यक्षेत्र बढ़ जाएगा और जिले के अधिक ग्रामीण इलाकों में भी प्राधिकरण का अधिकार लागू होगा।
इस बदलाव का सबसे बड़ा असर उन लोगों पर पड़ेगा, जो अभी एलडीए की सीमा से बाहर आने वाले क्षेत्रों में मकान या अन्य भवन निर्माण के लिए जिला पंचायत से नक्शा पास कराते हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें एलडीए से नक्शा पास कराना होगा। इससे जिला पंचायत और एलडीए के बीच लंबे समय से चला आ रहा अधिकार क्षेत्र का विवाद भी खत्म होने की उम्मीद है।



