मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित रामगंगा पुल से शनिवार दोपहर नदी में छलांग लगाने वाले प्रेमी युगल का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। शनिवार से लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के बावजूद दोनों का पता नहीं चलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
सर्च ऑपरेशन में आ रही दिक्कत
रविवार सुबह पीएसी यूनिट, गोताखोरों और स्थानीय पुलिस ने आधुनिक उपकरणों के साथ फिर से खोज अभियान शुरू किया, लेकिन नदी के बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में लगातार कठिनाई आ रही है। इसी वजह से खोज अभियान का दायरा बढ़ाते हुए मछरिया क्षेत्र समेत आगे तक नदी किनारे सभी संभावित स्थानों की तलाश की जा रही है। शनिवार देर शाम तक स्टीमर की मदद से पुल के नीचे और आसपास के हिस्सों में भी तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
कैसे बढ़ा पूरा घटनाक्रम?
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार, कटघर के सूर्य नगर निवासी युवक तुषार शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक किशोरी के साथ बुलेट बाइक से रामगंगा पुल पहुंचा और दोनों ने बाइक खड़ी कर नदी में छलांग लगा दी। जांच में पता चला कि शुक्रवार रात जब दोनों फोन पर बात कर रहे थे, तब किशोरी के परिजनों ने उसे देख लिया और डांट दिया था। इसकी जानकारी किशोरी ने रात में ही प्रेमी तुषार को दे दी थी।
ताऊ को कॉल करके पहुंचा पुल पर
शनिवार सुबह करीब 10 बजे तुषार शोरूम जाने की बात कहकर बुलेट बाइक लेकर घर से निकला और किशोरी भी अपने घर से निकल आई। दोनों बाइक से लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे की तरफ निकल गए। तुषार ने सुबह 11:50 बजे अपने ताऊ को वॉट्सएप कॉल की, जो रिसीव नहीं हुई, फिर 11:54 बजे वीडियो कॉल का प्रयास किया, लेकिन वह भी रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उसने ताऊ को मैसेज कर दिया और दोपहर करीब एक बजे दोनों कल्याणपुर बाईपास स्थित रामगंगा पुल पर पहुंच गए।
खून के धब्बों से खुला आखिरी क्षण का राज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर पहले किशोरी ने कूदने का प्रयास किया, लेकिन तुषार ने उसका हाथ पकड़ लिया। किशोरी को रोकने के प्रयास में तुषार के हाथ में चोट लग गई और इससे निकला खून पुल के ऊपर साफ दिखाई दिया। इसके बाद दोनों ने एक साथ नदी में छलांग लगा दी। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार दोनों की तलाश में जुटी हुई हैं।



