उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आयोजित प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा के मंच पर पहुंचे जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ ‘राजा भैया’ ने सनातन धर्म, हिंदुत्व और भारत के संवैधानिक स्वरूप को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। कथा पंडाल में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राजा भैया ने कहा कि भारत जब तक हिंदू बहुसंख्यक है, तभी तक यह एक संवैधानिक और धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र बना हुआ है।
बता दें, कथा के दौरान समाज की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए राजा भैया ने कहा, “यदि कोई मुसलमान इस्लाम की बात करता है तो पूरा समाज उसका समर्थन करता है, लेकिन जब कोई हिंदू अपने सनातन और हिंदुत्व की बात करता है तो उसे हाशिए पर धकेलने या दूर करने का प्रयास किया जाता है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंदुत्व के बिना भारत की कल्पना नहीं की जा सकती और ठीक उसी तरह भारत के बिना हिंदुत्व की कल्पना भी असंभव है। दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं।
राजा भैया के इस बयान के बाद कथा स्थल पर मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारे लगाए। पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में नेताओं और प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी के बीच राजा भैया के इस तीखे और राष्ट्रवादी बयान की चर्चा अब प्रदेश के सियासी और सामाजिक गलियारों में तेजी से हो रही है।



