पीलीभीत: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पीलीभीत के नूरानपुर गांव पहुंचे। बीसलपुर तहसील क्षेत्र स्थित नूरानपुर में मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 12 बजे शिव मंदिर के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। उनके आगमन पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के सम्मान में जयकारे भी लगाए गए।
नूरानपुर स्थित गोरक्षपीठ से जुड़े शिव मंदिर परिसर में ब्रह्मलीन महंत योगी शांतिनाथ की पुण्य स्मृति में नौ दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कथा के समापन अनुष्ठान में शामिल होने पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु जुटने लगे थे। आयोजन को लेकर पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल रहा।
इस दौरान सीएम योगी ने भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं के बावजूद एकता के सूत्र में बंधा हुआ है। एकता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पीलीभीत समेत नौ जिलों की पुलिस के करीब 1600 जवानों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया। इसके अलावा पीएसी की एक कंपनी भी तैनात रही।


