उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की भर्ती प्रक्रिया, खेल नीतियों और कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और पूर्ववर्ती सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में सरकारी नौकरियों पर डकैती डाली जाती थी और भर्तियों में भारी धांधली होती थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से बिना किसी सिफारिश के भर्तियां की जा रही हैं।
बता दें, विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने 2017 से पहले प्रदेश में 10 लाख गुंडे पाल रखे थे, जबकि उनकी सरकार ने अब तक 10 लाख युवाओं को बिना किसी भेदभाव के पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए गए सख्त अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में कानून का राज स्थापित किया गया है, जिससे विकास के नए रास्ते खुले हैं।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा पहले खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में सीधी भर्ती का कोई स्पष्ट नियम नहीं था, लेकिन उनकी सरकार ने खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति और बेहतर सुविधाएं देने का काम किया है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में और भी कई खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने मेरठ में बन रही प्रदेश की पहली मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में खेलों के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अभूतपूर्व काम हो रहे हैं।



