देश की राजधानी दिल्ली के साउथ कैंपस थाना क्षेत्र स्थित सत्य निकेतन इलाके में हुए भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 3 हो गई है। रविवार दोपहर एक पांच मंजिला पुरानी इमारत भरभराकर ढह गई थी, जिसके बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय छात्रों और निवासियों ने तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर राहत और बचाव का काम शुरू किया।
बता दें, मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), ITBP और BSF की संयुक्त टीमों को मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए उतारा गया है। राहत दल ने अब तक 9 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला है, जिनमें से 6 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मलबे के नीचे और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।
वहीं, प्रशासन ने लापरवाही के इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए बिल्डिंग के मालिक आनंद बंसल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि जर्जर ढांचे या अवैध निर्माण संबंधी किन नियमों की अनदेखी के चलते इतना बड़ा हादसा हुआ।













