गदरपुर/ऊधम सिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर पहुँचकर प्रतियोगिता से जुड़ी विभिन्न तैयारियों, खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों, तकनीकी व्यवस्थाओं, आवागमन, ठहरने की सुविधा एवं अन्य आवश्यक इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।
सीएम ने स्वयं किया वाटर स्पोर्ट्स का अनुभव
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं भी जल क्रीड़ा गतिविधियों का अनुभव प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएँ विद्यमान हैं। राज्य की प्राकृतिक परिस्थितियाँ जल क्रीड़ा, पर्वतीय खेल और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में खेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
समयबद्ध और मानकों के अनुरूप हों तैयारियाँ
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियाँ निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएँ। उन्होंने कहा, देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने प्रतियोगिता स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के आदेश दिए, ताकि यह आयोजन उत्तराखंड की बेहतर कार्य संस्कृति और आतिथ्य का उत्कृष्ट उदाहरण बन सके।
उत्तराखंड बनेगा साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। इसके लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएँ और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएँ प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं और उन्हें वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के बड़े आयोजनों से केवल खेल गतिविधियों को ही बढ़ावा नहीं मिलता, बल्कि प्रदेश में पर्यटन, स्थानीय व्यवसाय, रोज़गार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलती है। इससे उत्तराखंड की पहचान एक साहसिक पर्यटन राज्य के रूप में और अधिक मज़बूत होगी तथा देश-विदेश के पर्यटक यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ खेल गतिविधियों से भी गहराई से जुड़ेंगे।
युवाओं और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को जन-जन तक पहुँचाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए अनेक स्तरों पर ठोस कार्य कर रही है। खेल प्रतिभाओं को चिन्हित कर उन्हें आगे बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुविधाएँ उपलब्ध कराने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक अरविंद पांडेय सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













