मुरादाबाद: मायानगर आवास समिति में फ्लैट आवंटन को लेकर हुए कथित घोटाले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। एसआईटी की जांच में सामने आया है कि समिति में नियमों को ताक पर रखकर कई नामी परिवारों को एक से ज्यादा फ्लैट आवंटित किए गए।
जांच में अमायरा डेवलपर्स पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि डेवलपर और समिति के पदाधिकारियों की मिलीभगत से फ्लैट आवंटन में बड़ा खेल किया गया। कई मामलों में एक ही फ्लैट को तीन-तीन बार बेचने की बात सामने आई है।
नियमों के विपरीत फ्लैट दिए जाने के आरोप
एसआईटी जांच में यह भी सामने आया कि जिन लोगों के नाम पर मूल रूप से फ्लैट आवंटित किए गए थे, उन्हें अब तक उनका कब्जा नहीं मिल सका। वहीं, कुछ अन्य लोगों को नियमों के विपरीत फ्लैट दिए जाने के आरोप हैं।
ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में बड़ी कार्रवाई की तैयारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने अब पूरी प्रक्रिया का ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने 30 दिन के अंदर ऑडिट रिपोर्ट सौंपने को कहा है। ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं इस घोटाले में कई और लोगों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल एसआईटी और प्रशासन की जांच जारी है। माना जा रहा है कि ऑडिट रिपोर्ट के बाद फ्लैट आवंटन घोटाले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।














