स्पेन की राजधानी मैड्रिड के पश्चिमी इलाके में लगी भीषण जंगल की आग ने भारी तबाही मचा दी है। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए करीब 70 हजार लोगों को अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने शनिवार को आग प्रभावित इलाके का दौरा किया और कहा कि दमकलकर्मी लोगों की जान बचाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि तेज हवाओं की आशंका के चलते आने वाले घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
पीएम सांचेज ने लोगों की सुरक्षा को बताया प्राथमिकता
सेनिसीएंटोस गांव में मीडिया से बातचीत करते हुए पेड्रो सांचेज ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना और आबादी वाले इलाकों को सुरक्षित रखना है।उन्होंने कहा कि तापमान में थोड़ी कमी आई है, लेकिन हवा की दिशा और रफ्तार को लेकर अभी भी खतरा बना हुआ है। आने वाले कुछ घंटे मुश्किल भरे हो सकते हैं।
सबसे भयानक आग में से एक बताया गया
अधिकारियों ने इस आग को इलाके की अब तक की सबसे भयावह घटनाओं में से एक बताया है। ब्रुनेट शहर की मेयर मार निकोलस ने कहा कि हर साल आग की घटनाएं होती हैं, लेकिन इस बार की आग ने बड़ी तबाही मचाई है।उन्होंने कहा कि आग से प्रभावित लोगों की स्थिति को लेकर वह बेहद चिंतित हैं।
धुएं से मैड्रिड की हवा खराब
मैड्रिड के पश्चिमी हिस्से में आसमान घने धुएं से भर गया है। आग की वजह से सेंट्रल मैड्रिड तक जलने की गंध पहुंच गई, जिससे लोगों को परेशानी हुई और कई लोगों ने खिड़कियां बंद कर लीं।स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को सलाह दी है कि खराब हवा की गुणवत्ता के कारण लंबे समय तक बाहर निकलने से बचें।
स्पोर्ट्स हॉल में ठहराए गए विस्थापित लोग
आग प्रभावित गांवों से निकाले गए लोगों को राजधानी के आसपास बनाए गए स्पोर्ट्स हॉल में ठहराया गया है।पेरू की रहने वाली 38 वर्षीय जैकलीन विलाफ्रांका ने बताया कि जब उनके फोन पर आग की चेतावनी आई तो उन्हें लगा कि उनका घर और सब कुछ जल जाएगा।














