लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानों के तीर चलने का सिलसिला लगातार जारी है। कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और सरकार में सहयोगी मंत्री ओम प्रकाश राजभर के हालिया बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मनोज पांडे ने समाजवादी पार्टी पर करारा हमला बोलते हुए उसकी नीयत और गठबंधन की राजनीति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
“सपा के साथ आखिर कौन रहना चाहता है ?
कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने सपा के राजनीतिक इतिहास और उसके सहयोगियों के साथ रिश्तों का जिक्र करते हुए तीखे लहजे में पूछा, “आज के समय में समाजवादी पार्टी के साथ आखिर कौन रहना चाहता है?” उन्होंने आगे कहा कि सपा का रिकॉर्ड रहा है कि वह अपने साथ जुड़ने वाले दलों और नेताओं का इस्तेमाल सिर्फ अपनी सुविधा के अनुसार करती है।
सत्ता में आते ही बदल जाते हैं सुर: मनोज पांडे
सपा प्रमुख की घेराबंदी करते हुए मनोज पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी की रणनीति पूरी तरह से सत्ता केंद्रित है। उन्होंने कहा, “जब ये सत्ता में नहीं होते हैं, तो हर किसी को अपने साथ लाने और जोड़ने की बड़ी-बड़ी कोशिशें करते हैं। लेकिन जैसे ही ये सत्ता में आते हैं, वैसे ही उन्हीं लोगों को खुद से दूर कर देते हैं जिन्होंने इन्हें वहां तक पहुँचाया होता है।”















