लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चीनी की उपलब्धता और भंडारण व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश की चीनी मिलों में मौजूद स्टॉक और बाजार में आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली गई।

बैठक में बताया गया कि राज्य की चीनी मिलों में कुल 179.38 लाख क्विंटल चीनी उपलब्ध है। इसमें सहकारी चीनी मिलों में 23.60 लाख क्विंटल, निगम की चीनी मिलों में 5.28 लाख क्विंटल और निजी चीनी मिलों में 150.50 लाख क्विंटल चीनी का भंडार मौजूद है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चीनी की कालाबाजारी और अनियमित भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी कारोबारी 30 दिन से अधिक चीनी का भंडारण नहीं कर सकता। वहीं 400 टन से ज्यादा स्टॉक पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम (ESMA) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।बैठक में गन्ना किसानों के भुगतान को लेकर भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में किसानों को रिकॉर्ड गन्ना भुगतान किया गया है। अब तक 48 लाख किसानों के खातों में 32,554 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

वहीं, उत्तर प्रदेश में आगामी गन्ना पेराई सत्र 15 अक्टूबर से शुरू होने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को किसानों की सुविधाओं और चीनी आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए ।

GEN-z आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को ईको गार्डन भेजा

शेयर करना
Exit mobile version