देवरिया: यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने देवरिया की एक सभा में उत्तर प्रदेश के बंटवारे को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश का बंटवारा होगा और प्रदेश चार भागों में बांटा जाएगा। राजभर ने कहा कि जिस दिन पूर्वांचल अलग राज्य बनेगा, उस दिन सबसे पहले राजभर समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा।

27 प्रतिशत आरक्षण को लेकर भी बोले राजभर

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वह चाहते हैं कि 27 प्रतिशत आरक्षण में उनके समाज को उसके हिसाब से हक मिले। उन्होंने दावा किया कि इसी मुद्दे को लेकर वह देश के प्रधानमंत्री के पास गए थे। राजभर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके लिए जातिगत जनगणना कराई जाएगी और इसके बाद जातियों के आधार पर बंटवारा किया जाएगा।

राजभर ने कहा कि अब सवाल यह है कि देश के प्रधानमंत्री पर भरोसा किया जाए या सपा, बसपा और कांग्रेस के नेताओं पर।

‘कांग्रेस, सपा और बसपा ने राजभर को कुछ नहीं दिया’

ओपी राजभर ने कहा कि आज राजभर समाज का नौजवान कहीं भी जाता है तो पीला साफा देखकर लोग उसे दूर से ही पहचान लेते हैं। उन्होंने कहा कि अगर यह पहचान किसी ने दी है तो वह ओमप्रकाश राजभर ने दी है।

राजभर ने अपने समाज के युवाओं से कहा कि हिम्मत न हारें और लड़ाई गरम होने की बात को ध्यान में रखकर काम करें। उन्होंने युवाओं से किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील भी की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल शासन किया, जबकि सपा और बसपा ने चार-चार बार शासन किया, लेकिन राजभर समाज को क्या मिला। राजभर ने दावा किया कि पिछले 10 सालों में सबसे ज्यादा विकास हुआ है।

2022 में सपा के साथ मिलकर लड़ा था चुनाव

गौरतलब है कि ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी वर्तमान में एनडीए की सहयोगी है। हालांकि, 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सुभासपा ने समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। चुनाव के बाद ओमप्रकाश राजभर और अखिलेश यादव के बीच मतभेद सामने आए। इसके बाद राजभर एनडीए में शामिल हो गए।

21  सितम्बर की 25 बड़ी खबरें |Top 25 News | UP News | Today News | CM Yogi | Akhilesh |Politics

शेयर करना
Exit mobile version