देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने मामले के मुख्य आरोपी हाकम सिंह की करीब 63 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति को अस्थायी रूप से अटैच कर लिया है।
ED को आरोपी हाकम सिंह की कुछ संपत्तियों से जुड़ी जानकारी मिली थी
ED ने यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की है। जांच एजेंसी पेपर लीक मामले में अवैध धन के लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।जांच के दौरान ED को आरोपी हाकम सिंह की कुछ संपत्तियों से जुड़ी जानकारी मिली थी। इसके बाद एजेंसी ने PMLA के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त किया है।
जांच में कई आरोपियों के नाम सामने आए थे
बता दे कि UKSSSC पेपर लीक मामला सामने आने के बाद उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर कई सवाल उठे थे। मामले की जांच में कई आरोपियों के नाम सामने आए थे, जिनमें हाकम सिंह को मुख्य आरोपियों में शामिल किया गया था।ED अब इस बात की जांच कर रही है कि पेपर लीक से जुड़े नेटवर्क में किस तरह पैसों का लेन-देन हुआ और अवैध कमाई को कहां-कहां इस्तेमाल किया गया।
उम्मीदवारों से करीब 95 लाख रुपये मिले थे
ED के मुताबिक, हाकम सिंह रावत को उम्मीदवारों से करीब 95 लाख रुपये मिले थे। जांच में उनके बैंक अकाउंट में घोषित इनकम से ज़्यादा कैश जमा करके मनी लॉन्ड्रिंग, इनकम टैक्स रिटर्न में खेती से होने वाली इनकम दिखाकर गैर-कानूनी फंड को सही साबित करने की कोशिश और दूसरे फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन के सबूत मिले।
ED ने कहा कि 14 जगहों पर तलाशी के दौरान ज़रूरी डॉक्यूमेंट, डिजिटल डिवाइस, प्रॉपर्टी से जुड़े रिकॉर्ड और कैश ज़ब्त किए गए। वहीं, उत्तराखंड पुलिस की SIT की तरफ से फाइल की गई कई चार्जशीट में भी हाकम सिंह रावत और उनके साथियों के रोल का ज़िक्र किया गया है।
मनी लॉन्ड्रिंग के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी
जांच एजेंसी के अनुसार, मनी लॉन्ड्रिंग के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। आने वाले समय में मामले से जुड़े अन्य लोगों और संपत्तियों पर भी कार्रवाई की संभावना है।उत्तराखंड सरकार पहले ही भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक जैसी घटनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह चुकी है।











