नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार (1 नवंबर) को विपक्षी गठबंधन INDIA की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली होने जा रही है। रैली को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। वहीं, महारैली से पहले बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए विपक्ष पर निशाना साधा है।
बीजेपी दिल्ली के आधिकारिक X अकाउंट से पोस्ट कर लिखा गया कि आज दिल्ली के रामलीला मैदान में फिर से लगने वाला है- “ठगों का मेला”। बीजेपी ने आरोप लगाया कि इसका मकसद अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए देश-विरोधी ताकतों के इशारे पर देश में अफवाह और अराजकता फैलाना है।
महारैली की तैयारियां देर रात तक जारी
INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को लेकर शनिवार देर रात तक रामलीला मैदान में तैयारियां चलती रहीं। मैदान में विशाल तिरंगे वाले दो मंच और पंडाल बनाए गए हैं। वहीं, लोगों के बैठने के लिए करीब 40 से 45 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मैदान में बैरिकेडिंग भी की गई है। रैली का निर्धारित समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक है, जबकि मुख्य आयोजन दोपहर 12 बजे से अपराह्न 4 बजे के बीच होगा।
राहुल गांधी, खरगे और प्रियंका गांधी समेत जुटेंगे दिग्गज नेता
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका वाड्रा समेत INDIA गठबंधन के सभी घटक दलों के शीर्ष नेता रैली में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख नेता दोपहर 12:30 बजे से 1 बजे के बीच एक साथ पहुंचेंगे और रैली को संबोधित करेंगे।
दो मंच और बड़े पंडाल की व्यवस्था
रामलीला मैदान में मुख्य मंच पर विपक्षी नेताओं के लिए बड़ा पंडाल तैयार किया गया है। वहीं, गठबंधन के विभिन्न घटक दलों की प्रदेश इकाइयों के लिए अलग मंच बनाया गया है।
मैदान के आसपास सफेद छतरियों वाले टेंट भी लगाए गए हैं। मिनी ट्रकों के जरिए देर रात तक कुर्सियां और अन्य जरूरी सामान पहुंचाया जाता रहा। इसके अलावा मैदान में बारिश का पानी निकालने का काम भी रात तक जारी रहा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस की भीड़ पर नजर
महारैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। मैदान में बैरिकेडिंग के साथ प्रवेश और निकास व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
एक तरफ INDIA गठबंधन चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर रैली कर रहा है, वहीं बीजेपी ने इस आयोजन को लेकर विपक्ष पर राजनीतिक हमला बोला है। ऐसे में रामलीला मैदान की महारैली पर देशभर की नजरें टिकी हुई हैं।













