भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बुधवार (18 नवंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी के विदेश दौरों और वहां दिए जाने वाले बयानों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी धरती पर भारत की छवि कमजोर करने की कोशिश करते हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुए कथित घोटालों का भी जिक्र किया।
‘विदेशी धरती पर भारत को बदनाम करते हैं राहुल गांधी’
बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी देश के नेता प्रतिपक्ष हैं, लेकिन विदेश यात्राओं के दौरान वह भारत को बदनाम करने वाले बयान देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक साजिश के तहत भारत के खिलाफ अनर्गल बयान और बेबुनियाद बातें कहीं।
गौरव भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नई बुलंदियों को छू रहा है, लेकिन राहुल गांधी के बयान देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले हैं।
‘अराजकता के प्रतीक हैं राहुल गांधी’
राहुल गांधी पर हमला जारी रखते हुए गौरव भाटिया ने उन्हें अराजकता का प्रतीक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब भी विदेशी धरती पर जाते हैं, तो उनकी मंशा भारत की मजबूत छवि को कमजोर करने की होती है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के विदेशों में दिए गए बयान उनकी भारत विरोधी सोच को उजागर करते हैं। भाटिया ने अपने बयान में राहुल गांधी की तुलना मीर जाफर से भी की।
संसद सत्र से पहले विदेश दौरे पर जाने को लेकर उठाए सवाल
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी के विदेश दौरों के समय पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब भी संसद का सत्र होने वाला होता है, राहुल गांधी विदेशी धरती पर जरूर जाते हैं।
गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी 12 साल से देश में चल रही मजबूत और स्थिर सरकार को कमजोर करना चाहते हैं। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी को भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इतनी नफरत क्यों है?
यूपीए सरकार के कार्यकाल में घोटालों का लगाया आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौरव भाटिया ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय सरकारी फाइलें अटकी रहती थीं, विकास कार्य नहीं होते थे और घोटाले सामने आते थे।
बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में देश को भ्रष्टाचार और नीतिगत ठहराव का सामना करना पड़ता था।














