उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश के नियमों को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने मंदिर प्रबंध समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए देश के प्रमुख मंदिरों और उज्जैन के प्राचीन मंदिरों के पुजारियों को भी गर्भगृह में प्रवेश देने की मांग की है। महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि पुजारियों के साथ कथित भेदभाव समाप्त नहीं हुआ, तो इस मुद्दे को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।
मंदिर समिति की नीतियों पर उठाए सवाल
अखिल भारतीय पुजारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित महेश शर्मा (पुजारी) ने मंदिर समिति की नीतियों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि समिति कई स्वघोषित पीठाधीश्वरों और संतों को आसानी से गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति दे देती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसे लोगों के दस्तावेजों, धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं की उचित जांच की जाती है?
पंडित महेश शर्मा ने आरोप लगाया कि उज्जैन में कई लोगों ने छोटे-छोटे प्लॉट खरीदकर या सरकारी जमीनों पर कब्जा कर आश्रम बना लिए हैं और बाहर पीठाधीश्वर का बोर्ड लगा लिया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या केवल अपने नाम के आगे संत, महंत या पीठाधीश्वर लिख लेने से गर्भगृह में प्रवेश की पात्रता मिल जाती है?
‘सनातन धर्म के रथ के दो पहिये हैं पुजारी और संत’
महासंघ ने पुजारियों और साधु-संतों के बीच समानता की वकालत करते हुए कहा कि साधु-संत और पुजारी सनातन धर्म रूपी रथ के दो पहिये हैं। दोनों का समान महत्व है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में पुजारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
पंडित महेश शर्मा ने कहा कि साधु-संत अपने अखाड़ों और स्वयं का प्रचार करते हैं, जबकि पुजारी अपना पूरा जीवन मंदिरों की सेवा और सनातन परंपराओं के निर्वहन में समर्पित कर देते हैं। इसके बावजूद देश के प्रसिद्ध मंदिरों और अवंतिका नगरी के प्राचीन मंदिरों के वास्तविक पुजारियों को गर्भगृह में प्रवेश से दूर रखना दुर्भाग्यपूर्ण है।
जिलाधीश से की समान नियम लागू करने की मांग
अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष और जिलाधीश से मांग की है कि गर्भगृह में प्रवेश के नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। महासंघ का कहना है कि यदि किसी पीठाधीश्वर या संत को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति दी जाती है, तो देश के प्रतिष्ठित मंदिरों के पुजारियों को भी समान अधिकार मिलना चाहिए।
मांग नहीं मानी तो PM और CM तक पहुंचेगा मामला
पंडित महेश शर्मा ने बताया कि इस संबंध में पहले भी मंदिर प्रबंध समिति को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस बार भी पुजारियों की मांग पर ध्यान नहीं दिया गया, तो महासंघ इस मुद्दे को प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के सामने उठाएगा।












