इटावा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इटावा में बीजेपी और उत्तर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने अयोध्या, आजम खान, संविधान और चंदा चोरी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि अंधेरा हटाने के लिए दीया जलाना पड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपने अंदर की बुराइयों को भी खत्म करने की बात कही।
अखिलेश यादव ने सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके साथ अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि इतना अन्याय किसी के साथ नहीं हुआ होगा। सपा अध्यक्ष ने बीजेपी पर संविधान की धज्जियां उड़ाने का आरोप भी लगाया।
‘अयोध्या से बीजेपी को जीरो मिलेगा’
अखिलेश यादव ने अयोध्या को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि इस बार अयोध्या से बीजेपी को जीरो मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘बीजेपी को जीरो मिले, इसलिए हम अयोध्या जाएंगे।’ उनका यह बयान राम मंदिर और अयोध्या को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच आया है।
चंदा चोरी को लेकर सरकार से सवाल
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इस सरकार में भेष बदलकर लूटा जा रहा है। उन्होंने चंदा चोरी का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि इसमें शामिल लोगों पर कार्रवाई कब होगी? अखिलेश यादव के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज होने के संकेत हैं।













