लखनऊ: राजधानी लखनऊ में मारपीट के मामले में भाजपा पार्षद रामू दास कनौजिया और उसके भाई को मड़ियांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने का आरोप है। इस मामले में पार्षद की गुंडई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें स्कूटी सवार व्यक्ति के साथ मारपीट की गई थी।
आय प्रमाण पत्र बनवाने पहुंची महिला से अभद्रता का आरोप
जानकारी के मुताबिक, डालीगंज के लाहौरगंज निवासी गीता बाजपेई अब अपने परिवार के साथ विष्णु विहार कॉलोनी, फैजुल्लागंज में रहती हैं। बुधवार को वह अपने पति विजय बाजपेई के साथ मड़ियांव के दाउद नगर स्थित वार्ड-4 के पार्षद कार्यालय में आय प्रमाण पत्र बनवाने पहुंची थीं।
आरोप है कि पार्षद रामू दास कनौजिया ने आधार कार्ड में दर्ज पते का हवाला देते हुए आय प्रमाण पत्र बनवाने से मना कर दिया। महिला ने जब इसका कारण पूछा तो पार्षद ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्हें धक्का दिया गया और गाली-गलौज की गई।
पति को चाबुक और डंडे से पीटने का आरोप
महिला के मुताबिक, जब उनके पति विजय बाजपेई ने इसका विरोध किया तो पार्षद, उसके भाई और दो अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद डंडे और चाबुक से उनकी पिटाई की गई। आरोप है कि दंपती को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। इसके बाद मड़ियांव पुलिस ने भाजपा पार्षद और उसके भाई समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अब पुलिस ने पार्षद रामू दास कनौजिया और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
मड़ियांव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आलोक राव ने बताया था कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। रामू दास कनौजिया फैजुल्लागंज के वार्ड नंबर-4 से भाजपा पार्षद हैं।












