ग्रेटर नोएडा: बिसरख कोतवाली क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। दोनों टावर-23 की 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। मृतक की पहचान रणदीप पात्रा (40) और उनके बेटे आरव के रूप में हुई है। रणदीप दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर तैनात थे।
पूजा के लिए बालकनी में फूल तोड़ रहे थे पिता-पुत्र
पुलिस के मुताबिक, रणदीप पात्रा अपने परिवार के साथ टावर-23 में रहते थे। शुक्रवार सुबह परिवार खाटू श्याम जाने की तैयारी कर रहा था। यात्रा से पहले मंदिर में पूजा के लिए रणदीप और उनका बेटा आरव बालकनी में लगे पौधों से फूल तोड़ रहे थे। इस दौरान रणदीप की पत्नी घर के अंदर तैयार हो रही थीं।
बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी नीचे गिरे
बताया जा रहा है कि फूल तोड़ने के लिए बालकनी में सीढ़ी लगाई गई थी। आरव सीढ़ी पर चढ़कर फूल तोड़ रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह बालकनी से बाहर लटक गया। बेटे को इस हालत में देखकर रणदीप उसे बचाने के लिए दौड़े।
पत्नी के मुताबिक, आरव ने रेलिंग पकड़ रखी थी। रणदीप उसे ऊपर खींचने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनका भी पैर फिसल गया। इसके बाद पिता और बेटा दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी ने बताया कैसे हुआ हादसा
रणदीप की पत्नी ने बताया कि परिवार शुक्रवार को खाटू श्याम जाने वाला था। वहां जमीन की रजिस्ट्री कराने से पहले मंदिर में दर्शन करने की योजना थी। बालकनी में लगे पौधों पर फूल तोड़ने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल किया जाता था।
हादसे के समय वह घर के अंदर तैयार हो रही थीं। अचानक चीख सुनकर वह बालकनी की ओर पहुंचीं तो नीचे पति और बेटे के शव दिखाई दिए।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना 112 पर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे कंट्रोल रूम को महागुन मायवुड्स सोसाइटी में दो लोगों के ऊंचाई से गिरने की सूचना मिली थी। मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है।
बारिश के कारण फर्श गीला होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के पीछे बालकनी का फर्श गीला होना भी एक वजह हो सकती है। आशंका है कि बारिश के कारण फर्श पर नमी थी, जिससे पिता-पुत्र का पैर फिसल गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।













