नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आज मशहूर गायक दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट आयोजित होने जा रहा है। जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम में करीब 70 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। बड़ी संख्या में लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन और दिल्ली मेट्रो ने खास तैयारियां की हैं।
कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो की सेवाओं का समय बढ़ाया गया है। मेट्रो ट्रेनें आज रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेंगी, ताकि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दर्शकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
सभी मेट्रो लाइनों पर चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। इससे यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और स्टेशन पर इंतजार का समय कम करने में मदद मिलेगी। हालांकि, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और गुरुग्राम रैपिड मेट्रो को इस विशेष व्यवस्था में छूट दी गई है।
JLN स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर बढ़ेगी सुरक्षा
नेहरू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई जाएगी
कॉन्सर्ट के मद्देनजर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई जाएगी। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दिलजीत दोसांझ के इस कॉन्सर्ट को लेकर प्रशंसकों में उत्साह है। वहीं, मेट्रो के समय में बढ़ोतरी और अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था से दर्शकों को आवाजाही में राहत मिलने की उम्मीद है।












