उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बड़ा तोहफा देते हुए 19 अक्टूबर को महा नवमी के पावन अवसर पर राज्य में सार्वजनिक अवकाश (Public Holiday) का ऐलान किया है। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य यह है कि लोग अपने परिवारों के साथ इस पवित्र त्योहार को उत्साह और श्रद्धा के साथ मना सकें। नवरात्रि के नौवें दिन मनाए जाने वाले इस पर्व का सनातन संस्कृति में विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है।
शारदीय नवरात्रि के दौरान देवी दुर्गा के नौ रूपों की आराधना की जाती है। महा नवमी के पावन पर्व पर भक्त पारंपरिक रूप से मंदिरों में जाकर मां दुर्गा के दर्शन करते हैं, विशेष पूजा-अर्चना करते हैं तथा कन्या पूजन जैसे अनुष्ठानों में हिस्सा लेते हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से कलश स्थापना और कलश पूजा की थी तथा मां भगवती की आरती उतारकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की थी।
मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने से सरकारी कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को त्योहार में शामिल होने और धार्मिक अनुष्ठानों को पूर्ण निष्ठा के साथ संपन्न करने में आसानी होगी। इस फैसले का प्रदेशभर में स्वागत किया गया है। नवरात्रि के इन दिनों में पूरे उत्तर प्रदेश के मंदिरों, शक्तिपीठों और पूजा पंडालों में भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे चारों तरफ भक्तिमय और उल्लासपूर्ण माहौल बना हुआ है।












