मनोरंजन डेस्क : अजय देवगन की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से ही फिल्म दर्शकों को अपनी ओर खींचने में कामयाब रही है। अब 14वें दिन भी फिल्म की कमाई जारी है। हिंदी बेल्ट में फिल्म की मजबूत पकड़ के बीच रजनीकांत की ‘जेलर 2’ भी इसकी रफ्तार पर खास असर नहीं डाल पाई है।
वर्किंग डे पर भी कायम है फिल्म का जलवा
बता दे कि बॉक्स ऑफिस पर आमतौर पर कामकाजी दिनों में फिल्मों की कमाई में गिरावट देखने को मिलती है, लेकिन ‘दृश्यम 3’ ने गुरुवार को भी अच्छा प्रदर्शन किया। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने 14वें दिन करीब 4.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 333 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 399.05 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन 515 करोड़ रुपये के पार
घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशी सिनेमाघरों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 14वें दिन तक 515 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, विदेशी बाजार से फिल्म ने करीब 116 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म के कारोबार में अंतरराष्ट्रीय बाजार का भी अहम योगदान माना जा रहा है।
400 करोड़ के घरेलू ग्रॉस कलेक्शन पर नजर
फिल्म का घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 400 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच चुका है। ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर है कि फिल्म यह आंकड़ा कब पार करती है। अजय देवगन और तब्बू की मौजूदगी वाली इस सस्पेंस थ्रिलर ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखी है।
अब नई फिल्मों से मिलेगी चुनौती
‘दृश्यम 3’ की कमाई की रफ्तार के बीच आने वाली नई फिल्मों से इसे प्रतिस्पर्धा मिल सकती है। आने वाले दिनों में नई रिलीज और वीकेंड का प्रदर्शन तय करेगा कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितनी आगे जाती है। फिलहाल उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने घरेलू और विदेशी बाजार में अच्छा कारोबार किया है।















