उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से कांग्रेस पार्टी को लेकर एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है, जहां पार्टी संगठन में जल्द ही बड़े बदलाव किए जाने के संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के मुताबिक, यूपी कांग्रेस में किसी भी वक्त नई टीम का ऐलान किया जा सकता है। चर्चा है कि तेज-तर्रार विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। उनके नाम को लेकर राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट काफी तेज हो गई है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ पार्टी तीन कार्यकारी अध्यक्षों की भी नियुक्ति कर सकती है, जिनके नामों पर मंथन का दौर जारी है। कार्यकारी अध्यक्ष पद के लिए सुशील पासी, देवेंद्र निषाद, नदीम जावेद और दानिश अली जैसे प्रमुख चेहरों के नाम चर्चा में बने हुए हैं। हालांकि, अंदरखाने खींचतान और पसंद को लेकर भी अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी प्रभारी राजेंद्र गौतम दानिश अली को कार्यकारी अध्यक्ष बनाना चाहते हैं, जबकि दिल्ली हाईकमान की पसंद नदीम जावेद बताए जा रहे हैं।
फिलहाल, कांग्रेस पार्टी की ओर से इन बदलावों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन जिस तरह से नामों पर चर्चाएं गर्म हैं, उससे माना जा रहा है कि पार्टी जल्द ही प्रदेश संगठन में नया चेहरा लाकर जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर सकती है। इन संभावित बदलावों से राज्य के राजनीतिक समीकरणों पर भी गहरा असर पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।













