‘बिग बॉस 20’ के बहुचर्चित ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में शो के होस्ट सलमान खान ने घर की सदस्य रीति तिवारी की जमकर क्लास लगाई। ‘डिस बैटल’ के दौरान अन्य प्रतियोगियों के साथ बहस में अभद्र भाषा और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने पर सलमान ने रीति के रवैये पर सख्त आपत्ति जताई। बातचीत के दौरान सलमान ने रीति तिवारी के आक्रामक व्यवहार की तुलना पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट डॉली बिंद्रा से कर दी।
बता दें, सलमान खान ने रीति को समझाते हुए कहा कि नेशनल टेलीविजन पर उनके बयानों और व्यवहार का असर सीधे उनके परिवार और पिता मनोज तिवारी की सार्वजनिक छवि पर पड़ सकता है। रीति के उस बयान का जिक्र करते हुए जिसमें उन्होंने कहा था कि “मेरे पापा होते तो देख लेते”, सलमान ने पूछा कि उनके इस बयान से क्या तात्पर्य है? उन्होंने कहा, “इसका क्या मतलब हुआ? सिंगर मनोज तिवारी देखेंगे, एक्टर… या फिर पॉलिटिशियन?” सलमान ने उन्हें याद दिलाया कि उनके पिता एक जाने-माने पब्लिक फिगर हैं और घर के बुजुर्ग भी यह शो देख रहे होंगे। इसके बाद सलमान ने कड़े शब्दों में कहा, “आप मनोज तिवारी की बेटी हैं, डॉली बिंद्रा की बेटी नहीं।”
बिग बॉस के पुराने सीजन को याद करते हुए सलमान ने बताया कि जब डॉली बिंद्रा ने मनोज तिवारी पर गुस्सा निकाला था, तो उनका कैसा रिएक्शन था। उन्होंने कहा कि रीति इस घर में खुद डॉली बिंद्रा की तरह बर्ताव कर रही हैं। गौरतलब है कि बिग बॉस के घर में आने के बाद से ही रीति तिवारी लगातार अपनी तीखी भाषा और झगड़ों को लेकर चर्चा में रही हैं, जिसके लिए सोशल मीडिया पर भी उनकी काफी आलोचना हो रही थी।














