उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट हादसे का संज्ञान लेते हुए पीड़ितों के लिए बड़ी आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने इस दर्दनाक हादसे में अपनी जान गंवाने वाले मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। इसके साथ ही हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं।
बता दें, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं जताई हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाएं। सीएम ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया है कि अस्पताल में भर्ती सभी घायलों का समुचित और बेहतर इलाज मुफ्त में कराया जाए।
कौशांबी के मनौरी बाजार में हुए इस भीषण ब्लास्ट के बाद से ही क्षेत्र में मातम का माहौल है। राज्य सरकार ने इस बात पर जोर दिया है कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद स्थानीय प्रशासन ने मुआवजा वितरण और घायलों की देखभाल की प्रक्रिया शुरू कर दी है।













