उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले में तैनात आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती की मौत के मामले में नया और अहम मोड़ सामने आया है। शुरुआती दौर में इस घटना को लेकर हत्या और लूटपाट की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति काफी हद तक साफ हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की अब तक की गहन जांच में हत्या, लूट या चोरी जैसी किसी भी आपराधिक वारदात की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि परिवार के लोगों ने घर से आभूषण चोरी होने की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिसिया छानबीन के दौरान मृतका की अंगूठी, सोने की बालियां और अन्य आभूषण सुरक्षित मिल गए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास की परिस्थितियों से लूट या हत्या के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं।
इस मामले में डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए विसरा और हार्ट को सुरक्षित भेजा गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती चिकित्सा परीक्षण और रिपोर्ट के संकेतों के आधार पर बुजुर्ग महिला की मौत हार्ट अटैक पड़ने से हुई थी।
गौरतलब है कि मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव में हुई इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई थी। परिवार की शुरुआती शंका के आधार पर पुलिस ने हर पहलू पर बारीकी से तफ्तीश की थी। हालांकि, अब पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच में यह स्पष्ट होता नजर आ रहा है कि यह कोई आपराधिक घटना नहीं, बल्कि प्राकृतिक रूप से हुई मौत थी। पुलिस प्रशासन ने इस मामले में सभी बिंदुओं की औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।














