इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के डालबंदिन में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सिस्मिक मॉनिटरिंग सेंटर के अनुसार भूकंप की तीव्रता 4.0 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर 35 किलोमीटर की गहराई में था और इसका केंद्र डालबंदिन से करीब 100 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक भूकंप के कारण अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। हालांकि झटकों के बाद लोगों में कुछ समय के लिए डर और चिंता का माहौल देखा गया।
इससे पहले जून महीने में भी पाकिस्तान के बलूचिस्तान के बरखान जिले और आसपास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसके बाद तीन लोग घायल हो गए थे। वहीं मई में पाकिस्तान के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर के भूकंप दर्ज किए गए थे।
पाकिस्तान भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील देशों में शामिल है। इसकी भौगोलिक स्थिति भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा के पास होने के कारण यहां भूकंप का खतरा बना रहता है। बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और गिलगित-बाल्टिस्तान जैसे क्षेत्र प्रमुख फॉल्ट लाइनों के करीब स्थित हैं।













