पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी और पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार नीरज कुमार फिलहाल पीछे चल रहे हैं।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, Bankipur Assembly By Election Result 2026 में शुरुआती रुझानों में प्रशांत किशोर को बढ़त मिली है। मतगणना के छठे राउंड तक प्रशांत किशोर 11,603 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं, जबकि BJP प्रत्याशी नीरज कुमार को 8,152 वोट मिले हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर चल रही हैं।
बांकीपुर विधानसभा सीट को लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। इस बार के उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतरकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। यह उनकी सक्रिय राजनीति में चुनावी शुरुआत भी मानी जा रही है।
बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था, जिसके बाद आज 3 अगस्त को मतगणना हो रही है। पटना के बोरिंग रोड स्थित एएन कॉलेज में सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन की ओर से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
मतगणना केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने भी वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।














