लखनऊ: राजधानी लखनऊ के चौक थाना क्षेत्र स्थित सर्राफा बाजार में युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चौक पुलिस ने घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की जांच जारी है।
पीड़ित के भाई गोपाल ने चौक थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी
जानकारी के मुताबिक, सर्राफा बाजार चौक में युवक शिवबिहारी अवस्थी के साथ दुकान के अंदर मारपीट का आरोप लगाया गया था। इस मामले में पीड़ित के भाई गोपाल ने चौक थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर में दिल्ली चैन हाउस के मैनेजर, मालिक और कर्मचारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की।
सर्राफा बाजार चौक से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया
बता दे कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सर्राफा बाजार चौक से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शनि सोनी, गौरव रस्तोगी, अमन यादव, सौरभ शर्मा और देवेंद्र माझी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वही मारपीट की घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।











