औरैया : उत्तर प्रदेश के औरैया जिल में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। युवक आत्महत्या की बात कहते हुए हाईटेंशन ग्रिड लाइन के पोल पर चढ़ गया। काफी मशक्कत के बाद ससुराल पक्ष के लोगों के समझाने पर वह नीचे उतरा, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
बता दे कि नवले का पुरवा निवासी योगेंद्र कुमार अक्सर काम के सिलसिले में घर से बाहर रहता था। उसकी पत्नी हेमलता अपने एक वर्षीय बेटे गुल्लन के साथ ससुर और भाइयों के साथ घर पर रहती है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से योगेंद्र काम पर नहीं जा रहा था और घर पर ही रह रहा था।
पत्नी से विवाद हो गया था
वही शनिवार शाम किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद वह खेतों की ओर चला गया और वहां शराब पी। देर शाम करीब आठ बजे उसने आत्महत्या करने की बात कहते हुए खेत के पास से गुजर रही हाईटेंशन ग्रिड लाइन के पोल पर चढ़ गया।
शुरुआत में ग्रामीणों ने इसे मजाक समझा, लेकिन जब देर रात तक वह नीचे नहीं उतरा तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। रात करीब सवा 11 बजे यूपी-112 पर सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
ससुराल वालों को बुलाने की रखी शर्त
पुलिस ने युवक से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन उसने ससुराल पक्ष के लोगों को बुलाने की शर्त रखी। इसके बाद पुलिस ने इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के लुधियानी गांव स्थित उसकी ससुराल में सूचना दी। मौके पर फायर ब्रिगेड और 108 एंबुलेंस को भी बुलाया गया। रविवार तड़के करीब डेढ़ बजे ससुराल से पहुंचे साले आलोक और अन्य परिजनों ने युवक को समझाया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया।
वही कोतवाल विनोद कुमार राजपूत ने बताया कि पत्नी से विवाद के कारण युवक पोल पर चढ़ गया था। समझाने के बाद वह नीचे उतर आया और परिजनों के साथ घर चला गया। गनीमत रही कि बारिश नहीं हो रही थी, वरना करंट उतरने से बड़ा हादसा हो सकता था।













