आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (DSS) नरेंद्र सिंह चाहर के साथ हुई मारपीट के मामले में आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार देर रात नरेंद्र सिंह चाहर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अन्य रेलवे कर्मचारियों को लेकर डीआरएम आवास पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
चार RPF जवानों के खिलाफ FIR दर्ज
मामला बढ़ने के बाद जीआरपी थाना आगरा कैंट पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर अपराध संख्या 158/26 के तहत चार RPF जवानों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। आरोपियों में RPF के ASI बालकिशन मीणा, ASI मेघराज मीणा, हेड कांस्टेबल बदन सिंह और कांस्टेबल जितेंद्र सिंह शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि पूरा विवाद रविवार सुबह उस समय शुरू हुआ जब हीराकुंड एक्सप्रेस से उतरी एक महिला यात्री ट्रेन छूटने की वजह से घबरा गई थी। महिला को परेशान देखकर डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट नरेंद्र सिंह चाहर ने मानवीय पहल करते हुए गार्ड को सूचना दी और ट्रेन को रुकवाया, जिससे महिला सुरक्षित रूप से ट्रेन में दोबारा सवार हो सके।
DSS चाहर और RPF जवानों के बीच कहासुनी हो गई थी
हालांकि, मौके पर मौजूद RPF जवानों ने इसे चेन पुलिंग की घटना समझ लिया। इसी बात को लेकर DSS चाहर और RPF जवानों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद RPF कर्मियों ने नरेंद्र सिंह चाहर के साथ मारपीट की और उन्हें घसीटते हुए RPF पोस्ट तक ले गए।











