अम्बेडकरनगर: जनपद की अकबरपुर पुलिस और सर्विलांस सेल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो भोले-भाली लड़कियों और युवतियों को अपना शिकार बनाकर राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों में बेचता था। पुलिस ने इस गिरोह के 7 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं।
2 लाख में हुआ था सौदा
सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था। पुलिस ने इनके चंगुल से एक युवती को सकुशल बरामद किया है, जिसे ये लोग भारी मुनाफे के लालच में बेचने की फिराक में थे। जानकारी के मुताबिक, गिरोह ने इस युवती के लिए ग्राहकों से 2 लाख रुपये का सौदा तय कर लिया था। पुलिस की तत्परता ने एक बड़ी अनहोनी को समय रहते टाल दिया।
पुलिस की सर्विलांस टीम का बड़ा प्रहार
मानव तस्करी की इस संगठित चेन को तोड़ने के लिए अकबरपुर पुलिस ने सर्विलांस सेल के साथ मिलकर जाल बिछाया था। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि गिरोह का नेटवर्क काफी फैला हुआ है, जहां ये लोग युवतियों को नौकरी या शादी का झांसा देकर फंसाते थे और फिर उन्हें दूसरे राज्यों में ऊंचे दामों पर बेच देते थे।
गिरोह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई
अम्बेडकरनगर के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह में शामिल 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है। बरामद युवती को परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मानव तस्करी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अतीत में कितनी और युवतियों को इस नरक में धकेला है। स्थानीय प्रशासन ने इस गिरफ्तारी को सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी उपलब्धि माना है।















