मिर्जापुर: ग्रामीण अंचल के युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें मुख्यधारा और रोजगार से जोड़ने के लिए अदाणी फाउंडेशन ने एक बेहद सराहनीय कदम उठाया है। मिर्जापुर के पदरी स्थित अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर (Adani Skill Development Centre) में ‘डाटा एंट्री ऑपरेटर कोर्स’ के प्रथम बैच का भव्य शुभारंभ किया गया है। यह पहल स्थानीय और ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम के दौरान अदाणी फाउंडेशन के वरिष्ठ अधिकारियों ने कोर्स में दाखिला लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं और प्रतिभागियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने उनके भविष्य के लक्ष्यों, करियर संबंधी आकांक्षाओं पर चर्चा की और आधुनिक उद्योगों में कौशल विकास (Skill Development) के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि यह 3 महीने का विशेष डाटा एंट्री ऑपरेटर कोर्स प्रतिभागियों को उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी रूप से सक्षम बनाएगा, जिससे उनके लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। इस मौके पर फाउंडेशन द्वारा क्षेत्र में चलाए जा रहे अन्य सामाजिक और सामुदायिक विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई।

प्रतिनिधियों ने की सराहना, बांटी गई फ्री ट्रेनिंग किट
इस उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भारी मौजूदगी रही, जिसमें थानापुर ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान श्री राम सागर भारती, टोंगा के ग्राम प्रधान श्री व्यास जी बिंद, हिनौती ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि श्री राम सिंह राणा और दधिराम ग्राम पंचायत के श्री राजेश प्रजापति मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम में शामिल हुए 40 से अधिक नामांकित छात्र-छात्राओं को फाउंडेशन की तरफ से टी-शर्ट और बैग के रूप में फ्री ‘प्रशिक्षण किट’ वितरित की गई।

उपस्थित ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों ने अदाणी फाउंडेशन के इन प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण को सीधे रोजगार सहायता से जोड़ने की यह मुहिम स्थानीय युवाओं के लिए स्थायी आजीविका का साधन बनेगी, जिससे पूरे मिर्जापुर क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक विकास सुनिश्चित होगा।













