गाजियाबाद: खोड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित वाल्मीकि चौक इलाके में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब शादी का रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
घर में घुसकर की फायरिंग
आरोपी जॉनी खिड़की के रास्ते घर के अंदर घुसा और चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से निधि और खुशी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
तीन महीने पहले टूटा था रिश्ता
घायल बहनों की पहचान निधि और खुशी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, खुशी का रिश्ता गाजियाबाद के पुराने बस अड्डा क्षेत्र निवासी जॉनी के साथ तय हुआ था, लेकिन करीब तीन महीने पहले यह रिश्ता टूट गया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी का वीडियो आया सामने
आरोपी जॉनी का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में जॉनी ने दावा किया कि लड़की पक्ष ने उससे पैसे लिए थे। उसने कहा कि उसने रैपिडो चलाकर मेहनत से पैसे जमा किए थे, लेकिन आर्थिक मदद लेने के दो साल बाद रिश्ता तोड़ दिया गया।
‘मेरी भावनाओं से खेला गया’- जॉनी
वीडियो में जॉनी ने आरोप लगाया कि उससे कहा गया कि वह लड़की से 15 साल बड़ा है। जॉनी का कहना है कि उसकी भावनाओं से खेला गया, इसलिए उसने गोली मारी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
निधि के पेट, खुशी के जबड़े में लगी गोली
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निधि के पेट में और खुशी के जबड़े में गोली लगी है। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।















