मेरठ। सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूलेन स्थित स्लॉट रेस्टोरेंट में रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध रूप से बार संचालित करने का मामला उजागर हुआ है। बुधवार रात सीओ सदर नवीना शुक्ला को मुखबिर से सूचना मिली कि रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस के खुलेआम शराब परोसी जा रही है। इस पर सीओ ने सिविल ड्रेस में अपनी टीम के साथ रेस्टोरेंट पर औचक छापा मारा।
रेस्टोरेंट में युवक-युवतियाँ शराब पीते मिले
छापे के दौरान रेस्टोरेंट के भीतर कई युवक-युवतियाँ खुलेआम शराब का सेवन करते हुए पाए गए। पुलिस टीम को अचानक देख वहाँ अफरा-तफरी मच गई और मौजूद लोगों में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके को नियंत्रण में लिया और सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
युवतियों का कराया मेडिकल, परिजनों को सौंपा
छापेमारी के दौरान पकड़ी गई युवतियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके उपरांत पुलिस ने सभी युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। सीओ नवीना शुक्ला ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही, रेस्टोरेंट के संचालन लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की भी गहन जाँच की जा रही है।
अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने का अभियान जारी
सीओ सदर ने स्पष्ट किया कि शहर में रेस्टोरेंट या अन्य प्रतिष्ठानों की आड़ में अवैध रूप से चल रहे बार और शराब परोसने की गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।












