रायबरेली। जिले के महाराजगंज तहसील क्षेत्र के ओई गांव में भारी बारिश के बाद जमीन अचानक धंस गई, जिससे एक रहस्यमयी सुरंगनुमा गुफा का पता चला है। अंदर झांकने पर प्राचीन ईंटों से बनी दीवारें साफ नजर आ रही हैं, जिसे देखकर पूरे गांव में कौतूहल फैल गया। यह गांव पहले से ही अपने ऐतिहासिक टीलों के लिए जाना जाता है।
कैसे हुआ यह खुलासा?
गांव निवासी स्वर्गीय रामदेव की पत्नी गुरुदेई के खेत में बारिश के बाद जमीन धंस गई और करीब एक मीटर चौड़ा एक छेद बन गया। जब ग्रामीणों ने अंदर झांककर देखा तो वहां कई मीटर गहरी और लगभग 10 मीटर चौड़ी एक विशाल सुरंगनुमा गुफा दिखाई दी। अंदर पुराने जमाने की ईंटों से बनी दीवारें साफ पहचानी जा सकती हैं। प्राचीन टीले पर इस तरह की संरचना का मिलना इसे ऐतिहासिक दृष्टि से काफी अहम बना रहा है।
प्रशासन ने क्या कहा?
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम और क्षेत्रीय लेखपाल डेजी वर्मा मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि शुरुआती जांच में यह कोई बहुत पुराना या प्राचीन कुआं लग रहा है, जिसकी वजह से अंदर ईंटों की दीवारें दिख रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी को भी इसकी जानकारी दे दी गई है और पुरातत्व विभाग को सूचित कर दिया गया है।
अब विभाग के निर्देश पर आगे की खुदाई और जांच का काम होगा। फिलहाल, जमीन के अंदर से खोखली होने की वजह से किसी हादसे की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और ग्रामीणों को गड्ढे के पास जाने से मना किया गया है।












