ग्रेटर नोएडा। दादरी थाना क्षेत्र के लुहारली टोल प्लाज़ा पर बुधवार शाम करीब पौने आठ बजे दबंगों के एक काफिले ने जमकर उत्पात मचाया। गाड़ियों से हूटर बजाते, खिड़कियों से बाहर लटके युवकों ने पहले बूम बैरियर तोड़ा और फिर बिना टोल टैक्स चुकाए करीब एक दर्जन गाड़ियाँ जबरन निकाल लीं। विरोध करने पर आरोपियों ने टोल कर्मियों से हाथापाई की और बीच-बचाव करने आए एक कर्मचारी को ईंट-पत्थरों से लहूलुहान कर दिया।
एक किलोमीटर तक दौड़ाकर किया हमला
खुर्ज़ा निवासी पीड़ित टोल कर्मी ने बताया कि जब उन्होंने दबंगों को रोकने की कोशिश की तो आरोपी उन पर टूट पड़े। जान बचाकर भागने पर भी दबंगों ने करीब एक किलोमीटर तक उनका पीछा किया और सड़क पर गिराकर ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए। सिर पर गंभीर चोटें आने से लोकमान वहीं लहूलुहान होकर गिर गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ हालत नाज़ुक बनी हुई है।
सीसीटीवी में कैद हुई गुंडागर्दी
इस पूरी वारदात का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सामने आ चुका है, जिसमें दबंगों की गुंडागर्दी साफ दिखाई दे रही है। फुटेज में नज़र आ रहा है कि कैसे गाड़ियों का काफिला बिना रुके बैरियर तोड़कर निकलता है और टोल कर्मी खुद को बचाने के लिए भागते हैं। दादरी थाना पुलिस ने टोल प्लाज़ा प्रबंधन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और वीडियो फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।















