उत्तर प्रदेश में इन दिनों योगी सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगातार अधिकारियों के ट्रांसफर कर रही है। आईएएस (IAS) और पीसीएस (PCS) अफसरों के साथ-साथ बेसिक शिक्षा विभाग में बड़े बदलावों के बाद, अब कारागार विभाग की बारी आई है। राज्य सरकार ने शनिवार रात एक बड़ा फैसला लेते हुए यूपी के 12 जेल अधीक्षकों को इधर से उधर कर दिया है। इस फेरबदल में उन्नाव समेत कई संवेदनशील जिलों के जेल अधीक्षक बदले गए हैं, जबकि एक अधिकारी को पदोन्नति (प्रमोशन) का तोहफा भी मिला है।
अनु सचिव ने जारी किया आधिकारिक आदेश
इस प्रशासनिक फेरबदल को लेकर शासन की अनु सचिव ममता श्रीवास्तव द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। जारी की गई सूची के अनुसार, उन्नाव जिला कारागार के अधीक्षक पंकज कुमार सिंह का ट्रांसफर कर उन्हें अब अलीगढ़ जिला कारागार का नया जेल अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, उरई में तैनात रहे नीरज देव को अब उन्नाव जेल की कमान सौंपी गई है।
जानें किस अधिकारी को कहाँ मिली नई तैनाती
आदेश के मुताबिक विभिन्न जिलों के कारागार अधीक्षकों की नई सूची इस प्रकार है:
- आलोक सिंह: मुरादाबाद से ट्रांसफर कर सहारनपुर जेल की जिम्मेदारी दी गई है।
- बृजेश कुमार सिंह: अलीगढ़ से हटाकर अब मुरादाबाद कारागार का जिम्मा सौंपा गया है।
- राजेश कुमार सिंह: कासगंज से स्थानांतरित कर बिजनौर जेल का अधीक्षक बनाया गया है।
- सत्य प्रकाश: सहारनपुर से ट्रांसफर करके आजमगढ़ जेल भेजा गया है।
- प्रशांत मौर्य: बागपत से हटाकर अब उरई जेल की कमान दी गई है।
- पवन कुमार त्रिवेदी: नैनी जेल से स्थानांतरित कर जौनपुर कारागार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- आदित्य श्रीवास्तव: बिजनौर से बदलकर अब बागपत जेल का अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
- मुकेश कुमार: इन्हें अयोध्या जेल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
- शशिकांत सिंह: इन्हें बांदा जेल का नया अधीक्षक बनाया गया है।
एक अधिकारी का हुआ प्रमोशन
इस फेरबदल में विभाग के एक अधिकारी को पदोन्नति का लाभ मिला है। आदेश के अनुसार, विजय कुमार राय को प्रमोशन मिलने के बाद बलरामपुर जिला कारागार का नया जेल अधीक्षक नियुक्त किया गया है।












