बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के अलियाबाद गांव में हुआ, जहां बच्चों के ऊपर अचानक एक जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई।
कमजोर पड़ी दीवार अचानक गिर गई
बताया जा रहा है कि बच्चे आसपास खेल रहे थे, तभी काफी समय से कमजोर पड़ी दीवार अचानक गिर गई। मलबे में दबने से 7 वर्षीय हुजैफा और 14 वर्षीय हाजरा की मौके पर ही मौत हो गई।
मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला गया
बता दे कि हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला। इस हादसे में तीन अन्य बच्चे भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक, जिस दीवार के गिरने से हादसा हुआ वह काफी समय से जर्जर हालत में थी। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस ओर ध्यान दिया जाता तो शायद यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।
परिवारों में मचा कोहराम
वही घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।प्रशासन की ओर से राहत और आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।











