बिहार के लोगों के लिए अब बस का सफर महंगा होने वाला है, क्योंकि बस किराया एक जून से बढ़ने वाला है. बिहार सरकार ने बस का किराया 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ाने का फैसला लिया है. बसों का किराया बढ़ाने का फैसला बिहार के परिवहन विभाग ने लिया है, जिसके लिए विभाग ने शुक्रवार को अधिसूचना भी जारी कर दी है. इस अधिसूचना में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से डीजल की कीमतों और परिचालन खर्च में हुई बढ़ोतरी को देखते हुए ही किराए का पुनर्निर्धारण किया गया है. सरकार ने साधारण से लेकर डीलक्स और एसी, सभी तरह की बसों के किराये में बढ़ोतरी की है.
साधारण बस का नया किराया
सरकार ने नया किराया दूरी के आधार पर तय किया है. साधारण बसों का किराया इस प्रकार होगा:
- 50 किलोमीटर तक की यात्रा: प्रति किलोमीटर 1.73 रुपये किराया लिया जाएगा (पहले यह 1.50 रुपये था).
- 100 किलोमीटर तक की यात्रा: प्रति किलोमीटर 1.71 रुपये किराया निर्धारित किया गया है.
- 300 किलोमीटर से अधिक की दूरी: प्रति किलोमीटर 1.65 रुपये किराया लगेगा.
डीलक्स और एसी बसों का बढ़ा किराया
डीलक्स और एसी बसों के किराए में भी श्रेणी और दूरी के हिसाब से बदलाव किया गया है:
- डीलक्स बस (50 किमी तक): सफर के लिए किराया 1.96 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है.
- डीलक्स बस (100 किमी तक): यात्रा करने पर 1.94 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किराया लगेगा.
- एसी बस (50 किमी तक): यात्रा पर नया किराया 2.30 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है.
- एसी बस (100 किमी तक): सफर के लिए 2.28 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया लगेगा.
नोट: नई दरों के अनुसार, सरकारी बसों के साथ-साथ निजी बस संचालक भी किराये में बढ़ोतरी करेंगे.
तय सीमा से अधिक किराया लेने पर होगी सख्त कार्रवाई
बिहार सरकार ने जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे नई किराया व्यवस्था की पूरी निगरानी करें. यदि कोई भी बस संचालक तय किए गए किराए से अधिक राशि वसूलता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
5 साल बाद हुआ किराए में संशोधन
बिहार में बीते 5 सालों से बस किराये में कोई संशोधन नहीं किया गया था, जबकि नियम के अनुसार हर पांच साल में किराये का पुनर्निर्धारण आवश्यक है. डीजल की बढ़ती कीमतों, रखरखाव के खर्च और बस संचालन की लागत में बढ़ोतरी को देखते हुए किराया बढ़ाना जरूरी हो गया था. इसी वजह से सरकार ने नई दरों की अधिसूचना जारी की है.














