दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और मध्य भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। तेज धूप और लू के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इसी बीच 25 मई से नौतपा भी शुरू हो गया है, जो 2 जून तक चलेगा। इस दौरान गर्मी और ज्यादा बढ़ने की संभावना जताई गई है।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ज्येष्ठ मास में सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने पर नौतपा की शुरुआत होती है। इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है। माना जाता है कि नौतपा के दौरान जितनी अधिक गर्मी पड़ती है, मानसून उतना बेहतर होता है।
मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं यूपी, हिमाचल और सिक्किम समेत कई राज्यों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में 25 से 27 मई तक लू का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। उत्तर प्रदेश में भी 25 से 28 मई तक लू के साथ आंधी और बारिश की संभावना है। बिहार में भी कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में 30 मई तक भीषण गर्मी और धूलभरी आंधी चलने की आशंका जताई गई है।












