मुंबई: ‘निल बटे सन्नाटा’, ‘बरेली की बर्फी’ और ‘पंगा’ जैसी संजीदा और शानदार पारिवारिक फिल्में बनाने के लिए मशहूर निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी इस बार दर्शकों के लिए एक बिल्कुल अलग जॉनर लेकर आई हैं। अश्विनी अय्यर तिवारी इस बार एक जबरदस्त क्राइम थ्रिलर ‘सिस्टम’ (System) लेकर हाजिर हुई हैं, लेकिन सिनेमाघरों की बजाय इस बार उन्होंने ओटीटी (OTT) का रास्ता चुना है। यह फिल्म 22 मई से मशहूर ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो चुकी है, जिसमें सोनाक्षी सिन्हा और साउथ सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री ज्योतिका मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रही हैं।
क्या है ‘सिस्टम’ की कहानी?
फिल्म ‘सिस्टम’ की कहानी न्याय, कानून और पारिवारिक विरासत के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा ने ‘नेहा राजवंश’ का किरदार निभाया है। नेहा, शहर के एक बेहद हाई-प्रोफाइल और दिग्गज डिफेंस लॉयर (आशुतोष गोवारिकर) की बेटी हैं। आशुतोष गोवारिकर का किरदार कोर्टरूम का वो सिकंदर है जो बड़े से बड़ा और हारा हुआ केस भी जीतने के लिए जाना जाता है, और बड़े-बड़े वकील उनके सामने दलीलें पेश करने से भी कतराते हैं। नेहा (सोनाक्षी सिन्हा) भी अपने पिता के ही नक्शेकदम पर चलती तो है, लेकिन उनकी राह थोड़ी अलग है। वह एक डिफेंस लॉयर बनने के बजाय बतौर प्रोसिक्यूटर (सरकारी वकील) सिस्टम और अपराधियों से लोहा लेती नजर आती हैं।
2 घंटे 5 मिनट की यह फिल्म कोर्टरूम ड्रामा और सस्पेंस के शौकीनों के लिए एक बेहतरीन वीकेंड वॉच साबित हो सकती है, जहां सोनाक्षी और ज्योतिका जैसी दो दमदार अभिनेत्रियां स्क्रीन शेयर कर रही हैं।















