मनोरंजन डेस्क : अभिनेत्री तमन्ना भाटिया मंगलवार सुबह मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं और भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ उनकी करीबी दोस्त और प्रोड्यूसर प्रज्ञा कपूर भी मौजूद थीं।
मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद तमन्ना भाटिया ने मीडिया से बातचीत की और अपने आध्यात्मिक अनुभव को साझा किया। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थान पर पहुंचना अपने आप में एक विशेष अनुभव है और यहां की ऊर्जा बेहद अलग और सकारात्मक महसूस होती है।
तमन्ना ने कहा कि भस्म आरती का अनुभव बहुत ही गहरा और आत्मिक था। उनके अनुसार, यह स्थान केवल वहीं लोग पहुंच पाते हैं जिन्हें भगवान का आशीर्वाद प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि वहां बैठकर वातावरण को महसूस करना ही एक अलग तरह की शांति और ऊर्जा देता है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो तमन्ना भाटिया जल्द ही अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ फिल्म ‘Vvan’ में नजर आएंगी। यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म एक लोककथा पर आधारित थ्रिलर बताई जा रही है, जिसकी कहानी मध्य भारत के घने जंगलों में सेट है। इसमें पुरानी कहानियों, रहस्यमयी मंदिरों और रोमांच का मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म की शूटिंग असली जंगल लोकेशन्स पर की गई है।
फिल्म को एकता आर कपूर और TVF ने मिलकर प्रोड्यूस किया है, जबकि इसका निर्देशन दीपक मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने किया है। इससे पहले फिल्म के सेट से सामने आई BTS तस्वीरों में सिद्धार्थ और तमन्ना की केमिस्ट्री को लेकर भी फैंस में काफी उत्साह देखा गया था।















