बेंगलुरु में बुधवार शाम हुई तेज बारिश और आंधी ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। शहर के शिवाजीनगर क्षेत्र में स्थित बोवरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल की एक पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में सात लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
बता दें, घटना के वक्त बारिश काफी तेज थी और सड़क किनारे मौजूद लोग सुरक्षित स्थान ढूंढने की कोशिश कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक दीवार गिरने से लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मलबे में दबे घायलों को तुरंत निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने फिलहाल घायलों की हालत स्थिर बताई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं और तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया गया। इलाके को घेरकर मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि हादसे में ज्यादातर पीड़ित राहगीर और आसपास काम करने वाले लोग थे।
इस घटना पर सीएम सिद्धारमैया ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और पीड़ितों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए। साथ ही मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है।
लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।












